भारत के पास मौका, महिला वर्ल्ड कप जीतने की तैयारी
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया आज साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी, इतिहास रचने का मौका।
साल 2005, तारीख 10 अप्रैल… भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचा था जब मिताली राज की कप्तानी में टीम पहली बार महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी। सेंचुरियन के मैदान पर खेले गए उस फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के हाथों 98 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
इसके 12 साल बाद यानी 23 जुलाई 2017 को एक बार फिर वही मौका आया। मिताली राज की ही कप्तानी में भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में फाइनल खेला। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, पर भारत महज 9 रनों से खिताब से चूक गया।
अब 2025 में इतिहास खुद को दोहराने के मुहाने पर है। 2 नवंबर 2025 को भारत एक बार फिर फाइनल में है, लेकिन इस बार कहानी अलग है। मुकाबला होगा साउथ अफ्रीका से — जो पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में उतरेगी। नवी मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम इस ऐतिहासिक भिड़ंत का गवाह बनेगा।
दिलचस्प बात यह है कि महिला वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में पहली बार न तो ऑस्ट्रेलिया है और न ही इंग्लैंड। ऐसे में भारत के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। कप्तान हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारतीय टीम अपने पहले वनडे वर्ल्ड कप की तलाश में मैदान में उतरेगी।
2017 फाइनल में हरमनप्रीत ने 51 रनों की पारी खेली थी और वह हार आज भी टीम को याद है। इस बार हरमन उस अधूरे सपने को पूरा करने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरेंगी। 36 वर्षीय हरमनप्रीत के लिए यह वनडे फॉर्मेट में शायद आखिरी वर्ल्ड कप हो, इसलिए यह मुकाबला उनके करियर का सबसे बड़ा पड़ाव साबित हो सकता है।
अगर भारत आज यह मैच जीत जाता है, तो हरमनप्रीत का नाम कपिल देव (1983) और महेंद्र सिंह धोनी (2011) की तरह उन कप्तानों में शामिल हो जाएगा जिन्होंने भारत को वर्ल्ड कप जिताया।
फाइनल मुकाबला आज दोपहर 3 बजे से डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि टॉस 2:30 बजे होगा। इस मैच का लाइव प्रसारण DD Sports (DD Free Dish) पर और JioCinema/Hotstar पर देखा जा सकेगा।
भारतीय टीम का स्क्वॉड:
शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, अमनजोत कौर, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, क्रांति गौड़, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, स्नेह राणा, अरुंधति रेड्डी, हरलीन देओल, उमा छेत्री (विकेटकीपर)।
साउथ अफ्रीका टीम:
लौरा वोलवॉर्ड (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्स, सुने लुस, एनेरी डर्कसेन, एनेके बॉश, मारिजाने कैप, सिनालो जाफ्ता, क्लो ट्रायोन, नादिन डिक्लर्क, अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा, तुमी सेखुखुने, नोंदुमिसो शांगसे, कराबो मेसो, मसाबाता क्लास।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

