नीतीश चले राज्यसभा खुद किया ऐलान!

मुख्यमंत्री पद छोड़ने के ऐलान के बाद बिहार में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर सियासी चर्चाएं तेज।

नीतीश कुमार अब बिहार के मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे, यह बात लगभग स्पष्ट हो गई है। खुद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करके इस बात की घोषणा की है कि उनकी इच्छा थी कि वह बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के सदस्य बनें और संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें।

नीतीश कुमार ने अब खुद इस बात की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा है—“पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।

संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ।

मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी, उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।”

https://x.com/i/status/2029427767293665709

अब जब यह स्पष्ट हो गया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार के सीएम की कुर्सी छोड़ रहे हैं और राज्यसभा जाएंगे, तब बिहार की बागडोर किसके हाथों में दी जाएगी। यह भी माना जा रहा है कि अगला मुख्यमंत्री बिहार का भारतीय जनता पार्टी के कोटे से होगा, लेकिन कौन होगा इस पर सस्पेंस बरकरार है।

क्या उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को कुर्सी सौंपी जाएगी या किसी नए चेहरे को मौका दिया जाएगा, यह महज कुछ घंटों में सामने आ जाएगा। लेकिन यह बात तो तय है कि खुद नीतीश कुमार ने अब निर्णय ले लिया है कि वह बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली करेंगे और राज्यसभा का सफर तय करेंगे।

इन तमाम घटनाक्रम के बाद यह भी एक बड़ा सवाल है कि बिहार में जदयू का बड़ा चेहरा कौन होगा और क्या उनके पुत्र निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री होगी। खैर, इन तमाम सवालों के जवाब के लिए कुछ घंटे या कुछ दिनों का इंतजार करना होगा।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *