बिहार की राजनीति में हलचल! ओवैसी की नजर अब तेज प्रताप पर
ओवैसी का नया गेमप्लान — तेज प्रताप, BSP और मौर्या से मिलकर बना सकते हैं तीसरा मोर्चा, RJD और NDA दोनों की मुश्किलें बढ़ीं।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ रही है। इसी बीच असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) ने राज्य की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, ओवैसी की पार्टी ने तीसरा मोर्चा बनाने की कवायद तेज कर दी है और इसके लिए कई क्षेत्रीय दलों से संपर्क साधा गया है।
जानकारी के अनुसार, AIMIM ने जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव, बहुजन समाज पार्टी (BSP) और पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रसाद यादव से बातचीत की है। इसके अलावा पार्टी स्वामी प्रसाद मौर्या को भी साथ लाने की कोशिश कर रही है। माना जा रहा है कि इन नेताओं के एक मंच पर आने से बिहार की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है, जो महागठबंधन और एनडीए—दोनों के लिए चुनौती बन सकता है।
AIMIM कम से कम 100 सीटों पर उतरेगी मैदान में
सूत्रों की मानें तो ओवैसी की पार्टी बिहार में कम से कम 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। दो से तीन दिनों के भीतर तीसरे मोर्चे की औपचारिक घोषणा भी हो सकती है। AIMIM का मानना है कि बिहार में कई सीटों पर मुस्लिम और पिछड़ा वर्ग का वोट निर्णायक भूमिका निभा सकता है, और इसी आधार पर पार्टी रणनीति तैयार कर रही है।
आरजेडी से सीट शेयरिंग पर नहीं बनी थी बात
गौरतलब है कि इससे पहले AIMIM ने आरजेडी से छह सीटों की मांग की थी, लेकिन समझौता नहीं हो सका। इसके बाद ओवैसी ने तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए कहा था, “हमने सिर्फ छह सीटें मांगी थीं, लेकिन उन्होंने देने से इंकार कर दिया।” यही वजह है कि अब AIMIM स्वतंत्र रूप से अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अगर AIMIM, तेज प्रताप यादव, BSP और अन्य दल एक साथ आते हैं, तो बिहार में तीसरा मोर्चा चुनावी समीकरण को पूरी तरह बदल सकता है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि ओवैसी की इस पहल को कितनी सफलता मिलती है और क्या यह गठबंधन वाकई किसी बड़े राजनीतिक असर का कारण बन पाता है या नहीं।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

