जय राउत ने भारत-पाक मैच पर जताई नाराजगी
संजय राउत का भारत-पाक क्रिकेट मैच पर विवादित बयान
एशिया कप 2025 के फाइनल में आज (28 सितंबर) भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हैं। इस बीच शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने इस मैच को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है और कई विवादित बातें कही।
राउत ने कहा कि जिस तरह 26 महिलाओं का सिंदूर मिटाया गया, उसके लिए हमने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। इसके बावजूद अगर हम उस देश के साथ क्रिकेट खेलेंगे, तो राष्ट्रवाद कहां गया? उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “चाहे बॉर्डर पर खून की नदियां बहें, हम क्रिकेट खेलेंगे और पैसा कमाएंगे।”
उद्धव गुट के नेता ने इस मैच को लेकर कहा कि यह कोई बड़ा खेल नहीं है। उनका कहना था, “ऐसे माहौल में भारत और पाकिस्तान का मैच खेलना बहुत ही घटिया बात है। खेल, खेल है; राजनीति, राजनीति है; धर्म, धर्म है। लेकिन ये सब बातें पाकिस्तान के साथ ही क्यों जोड़ी जाती हैं?” उन्होंने यह भी जोड़ा कि पाकिस्तान के साथ भारत के रिश्ते सुधरे भी हैं और बिगड़े भी, लेकिन आतंकवाद की घटनाओं के बाद भारतीय लोग पाकिस्तान से कोई संबंध नहीं चाहते।
संजय राउत ने पुलवामा और उरी हमलों के अलावा पहलगाम की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच इतनी कड़वाहट होने के बावजूद, अगर हम क्रिकेट खेलेंगे, तो राष्ट्रवाद और देशभक्ति कहाँ चली गई? उन्होंने बीजेपी और उसके हिंदुत्व और राष्ट्रवाद पर भी सवाल उठाए।
सांसद ने आगे कहा कि पैसा इस खेल में सबसे बड़ा रोल निभाता है। उनका कहना था, “बीसीसीआई और पीसीसीआई दोनों इससे बहुत पैसा कमाते हैं। दोनों की मिलीभगत होती है। लेकिन इस बार देश की भावना बहुत ही प्रखर है। लोग टीवी पर भी यह मैच नहीं देखना चाहते।”
संजय राउत ने पीवीआर में मैच दिखाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह निर्लज्जता है और यह ध्यान रखना चाहिए कि पीवीआर में P का मतलब पाकिस्तान नहीं हो सकता। इसके बाद उनके अनुसार, पीवीआर ने फैसला किया कि पूरे देश में यह मैच नहीं दिखाया जाएगा।
इस बयान ने एशिया कप के फाइनल को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस को और तेज कर दिया है।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

