उमा भारती का बड़ा बयान: देश की सबसे बड़ी समस्या भ्रष्टाचार
उमा भारती का बड़ा बयान: भ्रष्टाचार और आर्थिक असमानता भारत की सबसे बड़ी चुनौती
भोपाल में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कई प्रमुख मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत के लिए कोई बड़ी चुनौती नहीं है, बल्कि देश की असली चुनौती भ्रष्टाचार और आर्थिक असमानता है।
उन्होंने गौरक्षा पर कहा कि किसानों के गोपालन से ही गायों की सुरक्षा संभव है। सड़कों पर आवारा गायों की मौत रोकने के लिए उन्होंने सड़क किनारे फेंसिंग की मांग की और कहा कि जरूरत पड़ी तो वह इसके लिए सड़क पर भी बैठ जाएंगी।
शराबबंदी का समर्थन करते हुए उमा भारती ने कहा कि इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाना चाहिए और समाज भी धीरे-धीरे इस दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सिंहस्थ 2028 के लिए प्रस्तावित लैंड पूलिंग का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि किसी नई परंपरा की जरूरत नहीं है और पहले की तरह ही आयोजन होना चाहिए। उन्होंने किसानों व संघ की मांगों पर गंभीर विचार की सलाह दी।
लव जिहाद पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अगर कोई युवक धर्म छुपाकर शादी के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव डालता है, तो यह लव जिहाद है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अंतरजातीय विवाह से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन धर्मांतरण पर रोक जरूरी है।
हिंदू राष्ट्र पर अपनी बात रखते हुए उमा भारती ने कहा कि भारत पहले से ही हिंदू राष्ट्र है, इसे बनाने की नहीं बल्कि स्वीकार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विविधता में एकता, सहिष्णुता और आर्थिक समानता ही हिंदू समाज की मजबूती है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वे सरल और शिक्षित व्यक्ति हैं और उनके दो साल के कार्यकाल में आए निवेश प्रस्ताव अब जमीन पर उतरने चाहिए। साथ ही भ्रष्टाचार पर सख्त नियंत्रण की जरूरत है।
देश की चुनौतियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान खुद की गलतियों से कमजोर हुआ है और भारत के लिए कोई बड़ा खतरा नहीं है। वास्तव में भारत के सामने सबसे बड़ा मुद्दा यह है कि भ्रष्टाचार खत्म हो और शासन-प्रशासन में समान अवसर व प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए, ताकि हर वर्ग की भागीदारी मजबूत हो सके।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

