स्वामी चैतन्यानंद गिरफ्तार, 35 से अधिक छात्राओं ने लगाए आरोप
स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती को कोर्ट में पेशी के बाद वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में रखा गया, लॉकअप में 24 घंटे निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था
नई दिल्ली: दिल्ली के वसंत कुंज स्थित एक आश्रम के संचालक, स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती, पर 35 से अधिक छात्राओं और महिलाओं द्वारा यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने चैतन्यानंद को गिरफ्तार कर लिया है।
कोर्ट में पेशी के बाद उसे वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चैतन्यानंद पूरी तरह से गैर-सहयोगी रहा और हर बार आरोपों को निराधार बताता रहा। पूछताछ लगभग दो घंटे तक चली, जिसमें दिल्ली पुलिस के DCP, ACP और इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी मौजूद थे।
पुलिस ने बताया कि पुलिस स्टेशन में चैतन्यानंद ने शाम को फल और अन्न की मांग की। उसे खाने में फल दिया गया और फिर पानी भी उपलब्ध कराया गया। लॉकअप में उसकी निगरानी के लिए CCTV कैमरों की मदद ली जा रही है। पुलिस ने चैतन्यानंद के लिए एक चादर और कंबल भी रखा है। सुरक्षा के मद्देनजर लॉकअप में 24 घंटे दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
जांच में यह भी पता चला है कि फरारी के दौरान चैतन्यानंद लगातार आश्रम और इंस्टीट्यूट की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। वह सस्ते होटल में ठहरता था जहां CCTV कैमरे नहीं थे। होटल बुकिंग उसके चेले करवाते थे। पुलिस अब उसके मददगारों की पहचान करने में जुटी है। पिछले 40 दिनों में उसने 13 होटल बदले और ज्यादातर समय साधुओं के बीच ही छिपा रहा। पूछताछ के दौरान चैतन्यानंद बार-बार घबराहट व्यक्त कर रहा था।
पुलिस ने उसके मोबाइल और डिजिटल उपकरणों की जांच की बात कही, लेकिन चैतन्यानंद लगातार यह बहाना देता रहा कि उसने फोन का पासवर्ड भूल गया है। इसके बाद पुलिस ने उसके तीन मोबाइल फोन और एक iPad फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेज दिए हैं।
मामले की गंभीरता और आरोपी की गैर-सहयोगी प्रवृत्ति को देखते हुए पुलिस पूरी जांच बहुत सतर्कता से कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि चैतन्यानंद के साथ जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Source: PTI

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

