युवाओं के भविष्य के लिए कुछ भी कर सकता हूँ”- सीएम धामी
उत्तराखंड में भर्ती, पेपर लीक और आपदा पर सीएम धामी की स्पष्ट प्रतिक्रिया
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के खाली पदों को भरने का संकल्प जताया है। सीएम ने कहा कि पिछले चार सालों में राज्य में 25 हजार भर्तियां की गई हैं, जो पूरी तरह ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ हुई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन भर्तियों में किसी तरह का पेपर लीक नहीं हुआ, केवल कुछ नकल के मामलोें पर कार्रवाई हुई। सीएम ने कहा, “युवाओं का सपना पूरा करने के लिए मुझे अगर अपनी जान देनी पड़े तो मैं दे दूंगा।”
एबीपी न्यूज़ के सवालों के जवाब में सीएम धामी ने कहा कि हालिया पेपर लीक का मामला वास्तव में नकल से जुड़ा था। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे लोग जो चयन प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं, उन पर कानून अपना काम करेगा। धामी ने जोर देकर कहा कि उनकी नीति और नियत में कोई खोट नहीं है और अगर ऐसा कुछ होता तो चार सालों में इस तरह के मामले सामने आते, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
सीएम धामी ने उत्तराखंड में बुलडोजर एक्शन पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि राज्य में जहां अतिक्रमण हुआ, वहां बुलडोजर कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह व्यवस्था और नियमों के अनुरूप हुई है। लोगों को पहले चेतावनी दी गई और कहा गया कि स्वयं हटाएँ, अन्यथा प्रशासन हटाएगा।
विभिन्न जगहों पर आपदा और ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि हालिया घटनाएं ग्लोबल वार्मिंग का नतीजा हैं। उन्होंने धराली और थराली जैसे प्रभावित क्षेत्रों में किसी निर्माण कार्य का जिक्र नहीं किया और रुद्रप्रयाग के छेनागढ़ क्षेत्र के पास घरों के आसपास कोई निर्माण कार्य नहीं होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीमांत जनपद कपोट में हुई आपदा में पांच लोगों की हानि हुई, लेकिन वहां भी कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ।
राज्य में मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों के बीच विकास को लेकर चल रही चर्चा पर सीएम धामी ने कहा कि उनकी सरकार ने कभी मैदानी और पहाड़ी के बीच कोई लड़ाई नहीं लगाई। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य का समेकित विकास ही उनकी प्राथमिकता है और यह पीएम मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ विजन के अनुरूप है।
सीएम ने अंत में कहा कि उनकी सोच हमेशा छात्रों और युवाओं के हित में रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड में विकास और अवसरों की दिशा में किए गए कदमों का सकारात्मक असर दिखाई देगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में दूसरी बार बीजेपी की सरकार बनने का इतिहास इस सोच और नीति की पुष्टि करता है।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

