राहुल गांधी के देहरादून दौरे के बाद सोशल मीडिया विवाद, सीएम धामी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

राहुल गांधी के देहरादून दौरे के बाद सोशल मीडिया पर विवाद, अभद्र टिप्पणी मामले में आरोपी गिरफ्तार, सीएम धामी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

देहरादून: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देहरादून दौरे के दौरान भाजपा महिला मोर्चा द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक मुद्दा बन गया है। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को लेकर एक कथित कांग्रेस समर्थक व्यक्ति द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी के बाद मामला तूल पकड़ गया। घटना के बाद सियासी माहौल गर्म हो गया और भाजपा-कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया और कार्रवाई की मांग की। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपनी टिप्पणी को लेकर उत्तराखंड की महिलाओं और प्रदेश सरकार से माफी मांगी है।

वहीं, पूरे मामले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया आज के समय में संवाद का एक महत्वपूर्ण और प्रभावी माध्यम बन चुका है। इसके जरिए लोग अपनी बात रखते हैं, लेकिन कुछ लोग इसका गलत इस्तेमाल कर समाज में तनाव और माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं।

सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान है, लेकिन किसी भी व्यक्ति को मर्यादा और कानून की सीमा नहीं लांघनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल सकारात्मक सोच और जनहित के कार्यों के लिए किया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म समाज को जोड़ने और विकास से जुड़ी जानकारियां साझा करने का माध्यम बनना चाहिए, न कि विवाद और अशांति फैलाने का।

राहुल गांधी के दौरे के बाद सामने आए इस विवाद ने उत्तराखंड की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। पुलिस की कार्रवाई और मुख्यमंत्री के बयान के बाद अब सभी की नजरें इस मामले में आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *