बिहार में NDA की वापसी तय: गुरु प्रकाश पासवान

दमण–दीव जीत के बाद पासवान बोले, बिहार में भी NDA की लहर साफ दिख रही है।

बीजेपी नेता गुरु प्रकाश पासवान ने दमण, दीव और दादरा नगर हवेली के स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी की शानदार जीत पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में हुए पंचायत चुनावों के परिणामों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकास की नीतियों पर पूरा भरोसा रखती है।

गुरु प्रकाश पासवान ने कहा, “दमण, दीव और दादरा नगर हवेली में हुए स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे अब सामने आ चुके हैं। पंचायती राज प्रणाली, जिसे लोकतंत्र की जड़ माना जाता है, उसमें बीजेपी की सफलता दर लगभग 100 प्रतिशत रही है। यह परिणाम बताते हैं कि देश के हर हिस्से में लोग बीजेपी और एनडीए की नीतियों पर भरोसा जता रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि यह जीत एक ट्रेलर है, जो यह संकेत देती है कि आगामी 14 नवंबर को बिहार चुनाव में भी जनता प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन और एनडीए के कार्यकर्ताओं की मेहनत को समर्थन देगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार बिहार में एनडीए दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगा।

पासवान ने कहा कि विपक्षी दलों के पास न तो कोई ठोस मुद्दा है और न ही कोई ठोस नेतृत्व। उन्होंने कहा, “जनता अब नफरत और भ्रम फैलाने वाली राजनीति से तंग आ चुकी है। उसे विकास चाहिए, रोजगार चाहिए, सुरक्षा चाहिए, और यह सब कुछ उसे सिर्फ एनडीए की सरकार दे सकती है।”

बीजेपी नेता ने यह भी कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में मिली जीत, जनता के विश्वास और पार्टी की जमीनी मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस जीत से पूरे देश में बीजेपी का मनोबल बढ़ा है और आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में यह उत्साह ऐतिहासिक विजय में तब्दील होगा।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *