दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
काशी पहुंचीं सीएम रेखा गुप्ता, बाबा विश्वनाथ का लेंगी आशीर्वाद।
वाराणसी: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को वाराणसी पहुंचीं। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार काशी पहुंचने पर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया, जबकि भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने त्रिशूल भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल और महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि सहित कई भाजपा नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। गाजे-बाजे और जयकारों के बीच कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वह बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन और उनका आशीर्वाद लेने काशी आई हैं। उन्होंने कहा कि वह दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण के लिए बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करेंगी। साथ ही उन्होंने देश की निरंतर प्रगति और सभी लोगों पर बाबा भोलेनाथ की कृपा बने रहने की कामना की।
एयरपोर्ट के मुख्य द्वार पर भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और उन्हें त्रिशूल भेंट किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
वहीं, एयरपोर्ट के बाहर भी भाजपा महिला मोर्चा वाराणसी जिला की अध्यक्ष विनीता सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का स्वागत किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

