बिहार चुनाव 2025: जन सुराज पार्टी 9 अक्टूबर को जारी करेगी पहली सूची

जन सुराज पार्टी 9 अक्टूबर को 100 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम करेगी घोषित, नई पार्टी को करनी होगी ज्यादा मेहनत

पटना, बिहार- बिहार की सियासत में सक्रिय जन सुराज पार्टी ने चुनावी मैदान में बड़ा कदम उठाने का ऐलान कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने बताया कि उनकी पार्टी अपनी पहली उम्मीदवार सूची 9 अक्टूबर को जारी करेगी। इस सूची में कम-से-कम 100 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नाम शामिल होंगे।

उदय सिंह ने कहा कि जन सुराज ने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया था कि वह अन्य दलों से पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। उन्होंने माना कि पार्टी की योजना के हिसाब से इसमें थोड़ी देरी हो चुकी है, लेकिन अब 9 अक्टूबर को पहली लिस्ट जारी कर दी जाएगी। उनका कहना था कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि उम्मीदवारों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जनता के बीच ज्यादा से ज्यादा समय मिल सके और वे चुनाव की पूरी तैयारी कर सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि जन सुराज एक नई पार्टी है, इसलिए चाहे पार्टी का नाम और चेहरा जनता तक कुछ हद तक पहुँच चुका हो, लेकिन एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बनने के लिए उन्हें और मेहनत करनी होगी। उदय सिंह का मानना है कि जनता तक पहुंचने और संगठन को मजबूत करने के लिए समय रहते उम्मीदवारों की घोषणा करना बेहद ज़रूरी है।

जन सुराज पार्टी का यह कदम बिहार की राजनीति में खासा चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, आम तौर पर बड़ी पार्टियां अपने प्रत्याशियों की सूची चुनाव नज़दीक आने पर ही जारी करती हैं, लेकिन जन सुराज ने पहले से नाम घोषित करके एक अलग रणनीति अपनाई है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह पार्टी की ग्राउंड लेवल तैयारी और लंबी चुनावी रणनीति का हिस्सा है।

चुनावी समीकरणों की बात करें तो बिहार में पहले से ही राष्ट्रीय स्तर की और क्षेत्रीय पार्टियों के बीच कड़ा मुकाबला है। ऐसे में जन सुराज पार्टी द्वारा 100 प्रत्याशियों की घोषणा से नए समीकरण बनने की संभावना है। पार्टी की नजर साफ तौर पर उन सीटों पर है, जहाँ परंपरागत दलों के खिलाफ जनता में असंतोष है।

जन सुराज की यह घोषणा आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को और दिलचस्प बना सकती है।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *