मैथिली ठाकुर की बेनीपट्टी में नो एंट्री, बीजेपी ने दिग्गजों पर जताया भरोसा
भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची, मैथिली ठाकुर को नहीं मिला टिकट
भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में कई पुराने दिग्गजों को एक बार फिर से मैदान में उतारा गया है। वहीं, कई वरिष्ठ नेताओं को पहली सूची में जगह नहीं मिली है। जिन नेताओं के टिकट कटे हैं, उनमें राजनगर (आरक्षित) सीट से रामप्रीत पासवान और पटना से चुनाव लड़ने वाले बिहार विधानसभा के वर्तमान स्पीकर नंदकिशोर यादव शामिल हैं।

भाजपा ने तारापुर से बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को उतारने का फैसला किया है। इसके साथ ही बिहार सरकार में मंत्री जिवेश मिश्रा, नितिन नवीन, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे समेत कई दिग्गजों पर भरोसा जताते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने कई अन्य वरिष्ठ विधायकों पर भी पुनः भरोसा जताया है, जिनमें सबसे महत्वपूर्ण नाम है बेनीपट्टी से विनोद नारायण झा।

यह सीट इसलिए भी चर्चा में रही क्योंकि इसी क्षेत्र से लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा से पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि भाजपा मैथिली ठाकुर को बेनीपट्टी विधानसभा सीट से टिकट दे सकती है, लेकिन पार्टी ने एक बार फिर विनोद नारायण झा पर भरोसा जताया है।

इसके अलावा हरीभूषण ठाकुर बछौल, आलोक रंजन झा, मुरारी मोहन झा समेत अन्य कई दिग्गजों को भी भाजपा ने फिर से टिकट दिया है। बिहार सरकार में मंत्री नीतीश मिश्रा भी अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे। वहीं, बिहार के दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिंह और मंत्री संजय झा पर भी पार्टी ने भरोसा जताया है।

मैथिली ठाकुर को बेनीपट्टी विधानसभा सीट से टिकट नहीं मिला है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या भाजपा उन्हें दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि, बेनीपट्टी के साथ-साथ दरभंगा जिले में भी मैथिली ठाकुर को भाजपा के ही कुछ कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भाजपा वास्तव में मैथिली ठाकुर को उम्मीदवार बनाती है या यह चर्चा केवल कयासों तक ही सीमित रह जाती है।


Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

