सिंहस्थ 2028 की तैयारियों का जायजा लेने उज्जैन पहुंचे सीएम मोहन यादव, दोपहिया से किया शहर का भ्रमण
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, जलेबी बनाई और दुकानदारों से की सहज मुलाकात
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार शाम उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने सिंहस्थ 2028 महापर्व की तैयारियों को लेकर शहर में चल रहे विकास और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने बेहद सहज अंदाज में दोपहिया वाहन से और पैदल शहर का भ्रमण कर जमीनी स्तर पर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव वीआईपी गेस्ट हाउस देवास रोड से माधवनगर, टावर चौक होते हुए फ्रीगंज पहुंचे। यहां उन्होंने फ्रीगंज ब्रिज के समानांतर बन रहे नए ब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और सेतु विभाग के अधिकारियों से काम की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कोयला फाटक से कंठाल चौराहे तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी अवलोकन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने निर्माण कार्यों को लेकर लोगों की राय भी जानी। कोयला फाटक से निजातपुरा तक मुख्यमंत्री ने पैदल भ्रमण किया, जहां लोगों ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कंठाल चौराहे की प्रसिद्ध मिठाई दुकान पर भी पहुंचे। यहां दुकान संचालक जलेबी बना रहे थे। उनके आग्रह पर मुख्यमंत्री ने खुद जलेबी बनाई और शाम की चाय का आनंद लिया। मुख्यमंत्री का यह सहज अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत चल रहे कई निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कई अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी, उन्हें अब गति मिल रही है। आने वाले समय में निर्माण कार्यों को और तेज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने भगवान श्री महाकालेश्वर की सावन-भादौ मास में निकलने वाली सवारी की व्यवस्थाओं को लेकर भी प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर प्रबंधन के लिए जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, संजय अग्रवाल, रवि सोलंकी, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

