रोहतक में अंडर-23 नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप, बृजभूषण और संजय सिंह के बयानों से बढ़ी सियासी हलचल

बृजभूषण सिंह ने ओलंपिक में रिकॉर्ड मेडल की जताई उम्मीद, संजय सिंह ने विनेश फोगाट पर साधा निशाना

हरियाणा के रोहतक मदवी में आयोजित अंडर-23 नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप में भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह और पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के पहुंचने से खेल और सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई। दोनों नेताओं ने कुश्ती से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी बात रखी और अलग-अलग मामलों पर प्रतिक्रिया दी।

पूर्व भारतीय कुश्ती संघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने चैंपियनशिप की व्यवस्थाओं की जमकर तारीफ की। उन्होंने दावा किया कि भारतीय पहलवान आने वाले ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करेंगे और पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए देश के लिए सबसे ज्यादा पदक जीतेंगे।

हरियाणा को खेल बजट कम मिलने के सवाल पर बृजभूषण सिंह ने कहा कि प्रदेश में खेलों के लिए बेहतर माहौल और सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अखाड़ा संस्कृति और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के खेल कैंपों में हरियाणा के खिलाड़ियों की संख्या सबसे ज्यादा रहती है।

राम मंदिर और आडवाणी की रथ यात्रा से जुड़े घोटाले के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजभूषण सिंह ने कहा कि जांच होने दीजिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई गलती सामने आती है तो उस पर बात की जाएगी। उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि वह डरने वालों में से नहीं हैं।

वहीं, भारतीय कुश्ती संघ के मौजूदा अध्यक्ष संजय सिंह ने पहलवान विनेश फोगाट को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि विनेश का मैट पर हमेशा स्वागत है, लेकिन राजनीति में नहीं। संजय सिंह ने कहा कि ट्रायल के दौरान विनेश चौथे स्थान पर रहीं और अगर वह खेल को राजनीति से अलग रखतीं तो बेहतर प्रदर्शन कर सकती थीं।

संजय सिंह ने कुश्ती में पारदर्शिता बनाए रखने और ओवरएज खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं से बाहर करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि खेल में नियमों का पालन जरूरी है ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सही अवसर मिल सके।

रोहतक में आयोजित इस चैंपियनशिप के दौरान खेल से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ नेताओं के बयानों ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। अब सभी की नजरें भारतीय कुश्ती और आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी हैं।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *