तेज प्रताप यादव बोले – जो सरकार रोजगार देगी, हम उसी के साथ

महुआ से उम्मीदवार ने कहा – जनता ही असली मालिक है, हमारी विचारधारा लोहिया और कर्पूरी ठाकुर की राह पर आधारित है

पटना: जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने बिहार चुनाव के बीच एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति किसी व्यक्ति या पद के लिए नहीं, बल्कि जनता के हक और विकास के लिए है। तेज प्रताप ने साफ कहा कि जो भी सरकार आम आदमी को रोजगार देगी, बिहार से पलायन रोकेगी और राज्य में वास्तविक बदलाव लाएगी, वे उसी के साथ खड़े रहेंगे।

तेज प्रताप यादव ने कहा, “जनता ही मालिक है, जनता ही चीजें बनाती और बिगाड़ती है। जो जनता को समझेगा और उनके मुद्दों पर काम करेगा, वही जनता का विश्वास जीत पाएगा। हमारी राजनीति सत्ता की नहीं, सेवा की है। हम चाहते हैं कि बिहार में युवाओं को उनके घर पर रोजगार मिले ताकि उन्हें दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े।”

उन्होंने अपनी विचारधारा पर बात करते हुए कहा, “हमारी विरासत डॉ. राम मनोहर लोहिया और कर्पूरी ठाकुर जी जैसे समाजवादियों की है। उनकी सोच सामाजिक न्याय, संपूर्ण परिवर्तन और संपूर्ण क्रांति की थी, और हम उसी रास्ते पर चल रहे हैं। हम जात-पात की राजनीति से ऊपर उठकर हर वर्ग के लोगों के विकास की बात करते हैं।”

मुख्यमंत्री पद के सवाल पर तेज प्रताप ने कहा, “जैसे हमारे पिताजी (लालू प्रसाद यादव) कहा करते थे कि अगर प्रधानमंत्री बनने का मौका मिले तो क्यों छोड़ें, वैसे ही अगर हमें मुख्यमंत्री बनने का मौका मिले तो क्यों छोड़ें। लेकिन यह जनता तय करेगी कि कौन मुख्यमंत्री बनेगा। 14 तारीख को जनता अपने फैसले से सब कुछ स्पष्ट कर देगी।”

तेज प्रताप यादव ने आगे कहा कि वे किसी पद या कुर्सी के लिए लालायित नहीं हैं। “हम इतने लोभी नहीं कि केवल कुर्सी के लिए राजनीति करें। हमारा लक्ष्य जनता की सेवा करना है, और जो सरकार जनता के लिए काम करेगी, हम उसी के साथ रहेंगे।”

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जनता अब जागरूक है और वह इस बार उस सरकार को चुनेगी जो सच में रोजगार, शिक्षा और विकास के मुद्दों पर काम करेगी, न कि केवल चुनावी वादों पर। तेज प्रताप ने अंत में कहा कि बिहार में बदलाव की लहर है और यह लहर सामाजिक न्याय की विचारधारा को और मजबूत करेगी।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *