लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हमला

गोबर और पत्थर फेंके जाने का आरोप, विजय सिन्हा बोले – “RJD की मानसिकता के लोग कर रहे हैं गंदा खेल”

लखीसराय, बिहार: विधानसभा चुनाव के पहले चरण में लखीसराय में बड़ा हंगामा देखने को मिला। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आरोप लगाया है कि उनके काफिले पर RJD समर्थकों ने हमला किया, उन पर गोबर और पत्थर फेंके, और बूथ कैप्चर करने की कोशिश की गई। यह घटना लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के खोरियारी गांव में हुई, जहां विजय सिन्हा चुनावी दौरे पर थे।

विजय सिन्हा ने कहा कि “लखीसराय के बूथ नंबर 404 और 405 पर मेरे काफिले पर हमला हुआ है। आरजेडी कार्यकर्ता मतदान प्रक्रिया में बाधा डाल रहे हैं और मेरी सुरक्षा को खतरा है।” उन्होंने आगे कहा कि कुछ लोगों ने जानबूझकर चुनावी माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की है।

घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग विजय सिन्हा के काफिले को रोककर नारेबाजी करते और हंगामा मचाते दिख रहे हैं। वहीं एक अन्य वीडियो में लोगों को उनके काफिले पर गोबर फेंकते हुए देखा गया है। सिन्हा ने कहा कि “RJD की मानसिकता के लोग लोकतंत्र को बदनाम कर रहे हैं। मेरे पोलिंग एजेंट को बूथ से बाहर भेजा गया, यह अस्वीकार्य है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस निष्क्रिय रही। “यहां का एसपी कायर और कमजोर है,” विजय सिन्हा ने कहा। उन्होंने बताया कि उन्होंने डीजीपी को पूरी घटना की जानकारी देने का फैसला किया है और चेतावनी दी कि यदि उन्हें आगे नहीं जाने दिया गया तो वे धरने पर बैठ जाएंगे।

घटना की जानकारी मिलते ही लखीसराय के एसपी अजय कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सुबह मतदान शांतिपूर्वक चल रहा था, लेकिन बाद में डिप्टी सीएम के विरोध की खबर मिली। एसपी ने आश्वासन दिया कि अब क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है।

डीएम मिथिलेश मिश्रा ने भी बयान जारी कर कहा कि लखीसराय में फिलहाल माहौल शांतिपूर्ण है। “हर उम्मीदवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र में जाने का अधिकार है। यदि कोई शिकायत मिलती है तो उसकी जांच की जाएगी और शांति बहाली के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।”

बताया जा रहा है कि जिस क्षेत्र में यह विरोध हुआ है, वहां RJD समर्थक बड़ी संख्या में हैं। 2020 के चुनाव में भी इसी इलाके में विजय सिन्हा को विरोध का सामना करना पड़ा था। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “विपक्षियों की छाती पर अब बुलडोजर चलेगा। सभी को वोट डालने का अधिकार है, लोकतंत्र में ऐसी घटनाएं अस्वीकार्य हैं।”

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *